महापौर मंजूषा भगत ने की रक्तदान अभियान की सराहना, 117 लोगों ने किया रक्तदान
चर्च ऑफ गॉड वर्ल्ड मिशन सोसाइटी ने मेडिकल कॉलेज में आयोजित किया वैश्विक रक्तदान कार्यक्रम
अंबिकापुर- नगर में सामाजिक सेवा और जनकल्याण की दिशा में चर्च ऑफ गॉड वर्ल्ड मिशन सोसाइटी द्वारा रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। रविवार, 22 नवंबर को आर.एस.डी.के.एस. शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम में महापौर मंजूषा भगत और नगर निगम सभापति हरमिंदर सिंह शामिल हुए। शिविर में 117 लोगों ने रक्तदान किया, जिससे कुल 27,200 मिलीलीटर रक्त संग्रहित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान महापौर मंजूषा भगत ने संस्था के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि समाज के जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए संस्था लगातार प्रयासरत है। रक्तदान जैसे आयोजन वास्तव में सराहनीय हैं। उन्होंने इस सामाजिक पहल के लिए संस्था के सदस्यों का आभार जताया।
सभापति हरमिंदर सिंह ने कहा कि रक्तदान से किसी जरूरतमंद को जीवनदान मिल सकता है। इस तरह की पहल समाज में सेवा और सहयोग की भावना को मजबूत करती है।
कार्यक्रम में मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. राकेश निगम, मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. आर.सी. आर्य, असिस्टेंट मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. जी.के. दामले एवं सिविल सर्जन डॉ. जे.के. रेलवानी मौजूद रहे।
आयोजन में करीब 240 लोगों ने हिस्सा लिया। चिकित्सकीय जांच के बाद 117 लोगों ने रक्तदान किया। सत्यदीप टोप्पो, रेशमा खेस, प्रबोध कुजुर और पवन तिग्गा ने भी रक्तदान के महत्व को साझा किया। संस्था के अधिकारी किरण चौहान ने बताया कि यह अभियान वर्ष 2005 से संचालित है और अब 68 देशों तक विस्तार पा चुका है।



