आदित्य गुप्ता
अंबिकापुर। सरगुजा जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा पुलिसिंग व्यवस्था में कसावट लाने के उद्देश्य से पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जारी स्थानांतरण आदेश के तहत कुल 46 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को इधर से उधर करते हुए नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस फेरबदल में जिले के 7 प्रमुख थानों के प्रभारी बदल दिए गए हैं, जबकि 5 पुलिस चौकियों में भी नए प्रभारियों की नियुक्ति की गई है। अचानक हुए इस व्यापक बदलाव को जिले में पुलिसिंग व्यवस्था को अधिक सक्रिय और जवाबदेह बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
डीजीपी के निर्देश के बाद पुलिसिंग व्यवस्था में बदलाव
विभागीय सूत्रों के अनुसार, छत्तीसगढ़ के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) की ओर से सभी रेंज के पुलिस महानिरीक्षकों (आईजी) को जिलों में पुलिसिंग व्यवस्था दुरुस्त करने, विभागीय अनुशासन बनाए रखने और मैदानी स्तर पर अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए थे। इसी के बाद सरगुजा पुलिस अधीक्षक ने जिले में प्रशासनिक फेरबदल की कार्रवाई की है। इसके तहत लंबे समय से एक ही स्थान पर पदस्थ अधिकारियों के साथ रक्षित केंद्र में तैनात निरीक्षकों को भी नई जिम्मेदारियां दी गई हैं।
सात थानों की कमान में बदलाव, तीन निरीक्षक पुलिस लाइन से थानों में तैनात
जारी तबादला आदेश के अनुसार, जिले के सात थानों में नए थाना प्रभारियों की पदस्थापना की गई है। इनमें चार थाना प्रभारियों का आपसी स्थानांतरण किया गया है, जबकि रक्षित केंद्र में पदस्थ तीन निरीक्षकों को महत्वपूर्ण थानों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
आदेश के तहत निरीक्षक प्रदीप कुमार जायसवाल को सीतापुर से लखनपुर थाना प्रभारी बनाया गया है। निरीक्षक असफाक अहमद अंसारी को लुण्ड्रा से मणिपुर, निरीक्षक शशिकांत सिंह को गांधीनगर से उदयपुर तथा निरीक्षक शिशिरकांत सिंह को उदयपुर से गांधीनगर थाना प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है।
वहीं, रक्षित केंद्र में पदस्थ निरीक्षक मनोज कुमार प्रजापति को दरिमा, निरीक्षक अच्युत चंद तिवारी को लुण्ड्रा तथा निरीक्षक देवेश सिंह राठौर को सीतापुर थाना प्रभारी बनाया गया है। इस बदलाव के साथ जिले के प्रमुख शहरी और ग्रामीण थानों में पुलिसिंग की नई जिम्मेदारी नए अधिकारियों के हाथों में होगी।
पांच पुलिस चौकियों में भी बदले गए प्रभारी
थानों के अलावा जिले की ग्रामीण पुलिस चौकियों में भी प्रशासनिक बदलाव किया गया है। इसके तहत केदमा चौकी प्रभारी अश्वनी दीवान को कुन्नी चौकी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। कुन्नी चौकी प्रभारी बाबुल कुंजूर को केरजू तथा केरजू चौकी प्रभारी राजेश्वर महंत को केदमा चौकी का नया प्रभारी बनाया गया है। इसके अतिरिक्त उपनिरीक्षक राजेश तिवारी को रघुनाथपुर चौकी प्रभारी नियुक्त किया गया है।
उपनिरीक्षकों से लेकर आरक्षकों तक हुआ फेरबदल
तबादला सूची में केवल निरीक्षक और चौकी प्रभारी ही नहीं, बल्कि अन्य पुलिस अधिकारी-कर्मचारी भी शामिल हैं। लखनपुर थाना प्रभारी रहे उपनिरीक्षक संपत पोर्टाई को सीतापुर थाने में पदस्थ किया गया है। वहीं, मणिपुर थाना प्रभारी रहे उपनिरीक्षक चंद्र प्रताप तिवारी को गांधीनगर थाने में नई जिम्मेदारी दी गई है।
इसके साथ ही कई सहायक उपनिरीक्षकों (एएसआई), प्रधान आरक्षकों और आरक्षकों के कार्यक्षेत्र में भी बदलाव किया गया है। कुछ कर्मचारियों को रक्षित केंद्र से विभिन्न थानों में भेजा गया है, जबकि कुछ को थानों से वापस रक्षित केंद्र में पदस्थ किया गया है।
कुल मिलाकर सरगुजा पुलिस विभाग में हुए इस बड़े फेरबदल के जरिए जिले के थानों और चौकियों की कार्यप्रणाली को नई दिशा देने की कोशिश की गई है। अब नई जिम्मेदारी संभालने वाले अधिकारियों के सामने कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण और आम नागरिकों की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने की चुनौती होगी।



