Breaking
BBC24

मोटी फीस वसूल रहे निजी अस्पताल, डॉक्टरों की डिग्री और योग्यता पर गंभीर सवाल

कम वेतन पर गैर-पंजीकृत लोगों से इलाज कराने की शिकायत, अस्पतालों में डॉक्टरों के दस्तावेज खंगाल रहा स्वास्थ्य विभाग।

मोटी फीस वसूल रहे निजी अस्पताल, डॉक्टरों की डिग्री और योग्यता पर गंभीर सवाल

अंबिकापुर। शहर के निजी अस्पतालों में मरीजों के इलाज और डॉक्टरों की शैक्षणिक योग्यता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। आरोप हैं कि कुछ निजी अस्पतालों में निर्धारित शैक्षणिक योग्यता और मेडिकल पंजीयन के बिना लोगों से डॉक्टर के रूप में काम कराया जा रहा है। यहां तक कि आईसीयू जैसे संवेदनशील वार्डों में भी बिना एमबीबीएस डिग्री वाले लोगों की तैनाती किए जाने की शिकायतें सामने आई हैं। मरीजों की सुरक्षा से जुड़े इस गंभीर मामले को देखते हुए जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने अब निजी अस्पतालों के खिलाफ जांच अभियान शुरू कर दिया है।

शहर के कुछ निजी अस्पतालों में इलाज के नाम पर मरीजों से मोटी रकम वसूले जाने के बावजूद डॉक्टरों की नियुक्ति में निर्धारित योग्यता और अनुभव संबंधी मानकों का पालन नहीं किए जाने की शिकायतें मिल रही हैं। आरोप है कि खर्च कम करने के उद्देश्य से कम वेतन पर अयोग्य और गैर-पंजीकृत लोगों से मरीजों का इलाज कराया जा रहा है। ऐसे में गंभीर अवस्था में अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों की चिकित्सा संबंधी जिम्मेदारी भी कथित तौर पर ऐसे लोगों के हाथों में होने की आशंका जताई जा रही है।

सबसे गंभीर सवाल आईसीयू में डॉक्टरों की नियुक्ति को लेकर उठ रहे हैं। आईसीयू अस्पताल का सबसे संवेदनशील वार्ड होता है, जहां भर्ती मरीजों को लगातार निगरानी और विशेषज्ञ चिकित्सा देखभाल की आवश्यकता होती है। यहां तैनात चिकित्सकों की शैक्षणिक योग्यता, अनुभव और मेडिकल काउंसिल में पंजीयन बेहद महत्वपूर्ण है। ऐसे में बिना निर्धारित मेडिकल योग्यता वाले लोगों की तैनाती की शिकायतों ने स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

लगातार मिल रही शिकायतों और डॉक्टरों की योग्यता से जुड़े दस्तावेजों में कथित गड़बड़ियों की आशंका के बाद कलेक्टर के निर्देश तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग की विशेष टीमें सक्रिय हो गई हैं। विभाग की टीमें शहर के निजी अस्पतालों में औचक निरीक्षण कर डॉक्टरों की डिग्री, मेडिकल काउंसिल में पंजीयन और नियुक्ति से संबंधित दस्तावेजों की जांच कर रही हैं।

जांच अभियान के दौरान केवल डॉक्टरों की शैक्षणिक योग्यता ही नहीं, बल्कि अस्पतालों में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं और उनके संचालन से जुड़े निर्धारित मानकों की भी पड़ताल की जा रही है। विशेष रूप से आईसीयू में तैनात चिकित्सकों की योग्यता और वहां मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सेवाओं पर ध्यान दिया जा रहा है।

स्वास्थ्य विभाग ने निजी अस्पताल संचालकों को निर्देश दिया है कि अस्पताल के वेटिंग एरिया में सभी विशेषज्ञ और ड्यूटी डॉक्टरों के नाम के साथ उनकी शैक्षणिक योग्यता एवं डिग्री स्पष्ट रूप से प्रदर्शित की जाए। इसके साथ ही अस्पताल प्रबंधन को लिखित रूप में यह जानकारी भी देनी होगी कि उनके यहां कौन-कौन सी चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध हैं और प्रत्येक सेवा के लिए किस शैक्षणिक योग्यता वाले डॉक्टर की नियुक्ति की गई है।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि जांच में यदि किसी अस्पताल में निर्धारित योग्यता के बिना किसी व्यक्ति से डॉक्टर के रूप में काम कराए जाने या चिकित्सा संबंधी नियमों का उल्लंघन किए जाने की पुष्टि होती है, तो संबंधित अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ नियमानुसार सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

स्वास्थ्य विभाग के इस जांच अभियान के बाद निजी अस्पताल संचालकों में हलचल तेज हो गई है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि जांच में कितने अस्पताल निर्धारित मानकों पर खरे उतरते हैं और कितने अस्पतालों में डॉक्टरों की योग्यता एवं मेडिकल पंजीयन से जुड़ी अनियमितताएं सामने आती हैं। इस कार्रवाई का असली उद्देश्य मरीजों को सुरक्षित और योग्य चिकित्सकों के माध्यम से बेहतर इलाज सुनिश्चित कराना है।

 
Enjoyed this report? Share with your network:

Related Coverage