Breaking
BBC24

2047 के विकसित भारत की तस्वीर आदिवासी समाज के बिना अधूरी: चिंतामणि महाराज

भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर भाजपा की प्रेसवार्ता, जनजातीय नायकों के बलिदान और केंद्र सरकार की योजनाओं पर रखी बात

2047 के विकसित भारत की तस्वीर आदिवासी समाज के बिना अधूरी: चिंतामणि महाराज

अंबिकापुर। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर मनाए जा रहे जनजातीय गौरव सप्ताह के तहत शुक्रवार को संकल्प भवन स्थित भाजपा कार्यालय में प्रेसवार्ता आयोजित की गई। प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज ने कहा कि भाजपा के लिए जनजातीय समाज महज वोट बैंक नहीं, बल्कि भारत की आत्मा और देश की सांस्कृतिक विरासत का अभिन्न हिस्सा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज को सम्मान, अधिकार और विकास के नए अवसर मिल रहे हैं। यही समाज वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में सबसे मजबूत आधार बनेगा।

सांसद चिंतामणि महाराज ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का संघर्ष केवल अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ विद्रोह नहीं था, बल्कि जल, जंगल, जमीन और जनजातीय स्वाभिमान की रक्षा का एक ऐतिहासिक आंदोलन था। 15 नवंबर 1875 को झारखंड के उलिहातू में जन्मे बिरसा मुंडा ने उलगुलान महाक्रांति का नेतृत्व करते हुए 'अबुआ दिशुम, अबुआ राज' का नारा दिया था। उनका संघर्ष आज भी जनजातीय समाज को अपने अधिकारों और अस्मिता की रक्षा के लिए प्रेरित करता है।

1857 से पहले ही आदिवासी नायकों ने अंग्रेजी हुकूमत को दी थी चुनौती

सांसद ने जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को याद करते हुए कहा कि भारत के स्वतंत्रता संग्राम का इतिहास आदिवासी वीरों के संघर्ष और बलिदान के बिना अधूरा है। 1857 की क्रांति से लगभग एक सदी पहले ही तिलका मांझी, सिद्धो-कान्हू, चांद-भैरव, फूलो-झानो जैसे वीरों ने अंग्रेजी शासन के खिलाफ संघर्ष का बिगुल फूंक दिया था। इसके अलावा वीर नारायण सिंह, टंट्या भील, रानी दुर्गावती, अल्लूरी सीताराम राजू, कोमराम भीम और रानी गाइदिन्ल्यू जैसे जननायकों ने भी देश की आजादी और समाज के अधिकारों के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया। मानगढ़ धाम में गोविंद गुरु के अनुयायियों का बलिदान भी भारतीय इतिहास का गौरवशाली अध्याय है।

जनजातीय कल्याण के बजट में तीन गुना से अधिक की बढ़ोतरी

केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में घोषित कर भगवान बिरसा मुंडा के योगदान को राष्ट्रीय पहचान दिलाई। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल में अलग जनजातीय कार्य मंत्रालय का गठन हुआ और छत्तीसगढ़ एवं झारखंड जैसे राज्यों का निर्माण किया गया। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश को द्रौपदी मुर्मू के रूप में पहली जनजातीय महिला राष्ट्रपति मिलीं।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2014-15 में जनजातीय कार्य मंत्रालय का बजट 4,497.96 करोड़ रुपये था, जो वर्ष 2025-26 में बढ़कर 14,926 करोड़ रुपये हो गया है। यह वृद्धि जनजातीय समाज के उत्थान और विकास के प्रति केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उन्होंने पीएम जनमन योजना, धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान, एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, वन अधिकार पट्टा, पेसा कानून और सिकल सेल उन्मूलन मिशन का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, बुनियादी सुविधाओं और रोजगार के अवसरों का विस्तार किया जा रहा है।

कांग्रेस पर लगाया जनजातीय समाज को वोट बैंक समझने का आरोप

प्रेसवार्ता के दौरान सांसद ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस ने लंबे समय तक जनजातीय समाज को केवल वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया। जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों और महापुरुषों को इतिहास में उनका उचित स्थान नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि विपक्ष आरक्षण और समान नागरिक संहिता जैसे विषयों पर भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहा है, जबकि भाजपा सरकार जनजातीय समाज को सम्मान और विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए लगातार काम कर रही है।

देश के 239 जनजातीय जिलों और 568 एसटी विधानसभा क्षेत्रों में होंगे आयोजन

जनजातीय गौरव सप्ताह के आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए चिंतामणि महाराज ने बताया कि भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देशानुसार देश के 239 जनजातीय जिलों और 568 अनुसूचित जनजाति विधानसभा क्षेत्रों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें स्वाभिमान सम्मेलन, शोभायात्रा, युवा संवाद और छात्रावास संपर्क अभियान प्रमुख हैं। उन्होंने प्रदेशवासियों से 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर उन्हें तथा क्षेत्र के अन्य जनजातीय नायकों को श्रद्धांजलि अर्पित करने की अपील की।

प्रेसवार्ता में भाजपा के कई वरिष्ठ पदाधिकारी रहे मौजूद

इस दौरान मंच पर भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया, महापौर मंजूषा भगत, पूर्व सांसद कमलभान सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष निरूपा सिंह, महिला मोर्चा प्रदेश महामंत्री फुलेश्वरी सिंह, महामंत्री अरुणा सिंह, संवाद प्रमुख रूपेश दुबे, देवनाथ सिंह पैकरा और बिंदेश्वरी पैकरा उपस्थित रहे। इसके अलावा रविकांत उरांव, कमलेश टोप्पो, शिवमंगल सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं पत्रकार मौजूद रहे।

Enjoyed this report? Share with your network:

Related Coverage