Breaking
BBC24

सूरजपुर राज्योत्सव में उमड़ी भीड़

सरकारी योजनाओं, नवाचारों और उपलब्धियों की लगी प्रदर्शनी

सूरजपुर राज्योत्सव में उमड़ी भीड़

सूरजपुर, 2 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ राज्य के 26वें स्थापना दिवस के अवसर पर सूरजपुर के अग्रसेन ग्राउंड में आयोजित जिला स्तरीय राज्योत्सव में शासन की विकास यात्रा और जनकल्याणकारी योजनाओं की आकर्षक झलक देखने को मिल रही है। ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ थीम पर आयोजित राज्योत्सव में जिले के 22 विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाकर सरकारी योजनाओं, उपलब्धियों और नवाचारों को प्रदर्शित किया है। विभागीय प्रदर्शनियों के माध्यम से आम नागरिकों को शासन की योजनाओं, उनके लाभ और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी जा रही है। बड़ी संख्या में लोग स्टॉलों का अवलोकन कर विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त कर रहे हैं।

ग्रामीण विकास से महिला सशक्तीकरण तक की दिखी तस्वीर

पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के स्टॉल में ग्रामीण विकास, जल संरक्षण, स्वच्छता और महिला सशक्तीकरण से जुड़ी योजनाओं को मॉडल एवं उत्पादों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। विकसित भारत ग्राम योजना के तहत वर्षा जल संचयन का जीवंत मॉडल, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत पक्के मकान का मॉडल तथा स्वच्छ भारत मिशन के तहत ओडीएफ प्लस गांव और अपशिष्ट प्रबंधन की जानकारी आकर्षण का केंद्र रही।

राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत स्व-सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार रागी आटा, मक्का आटा, दाल, बेसन, मूंगफली सहित पारंपरिक खाद्य उत्पादों और हस्तनिर्मित चूड़ियों का प्रदर्शन किया गया। इसके माध्यम से महिला समूहों की आत्मनिर्भरता और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।

महिला सशक्तीकरण और युवा उड़ान को मिला विशेष स्थान

उद्यानिकी विभाग ने अपने स्टॉल में उद्यानिकी उत्पादों के माध्यम से महिला सशक्तीकरण और युवाओं की आकांक्षाओं को दर्शाने के लिए आकर्षक एयरोप्लेन मॉडल तैयार किया। वहीं, छत्तीसगढ़ राज्य के 26वें स्थापना दिवस और विकास की गौरवशाली यात्रा को प्रज्वलित एवं मुस्कुराते दीपक के माध्यम से प्रदर्शित किया गया।

महिला एवं बाल विकास विभाग की प्रदर्शनी में पोषण वाटिका और पोषण आहार के महत्व को बताया गया। बच्चों, गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं के लिए आवश्यक पोषक तत्वों से भरपूर भोजन की जानकारी दी गई। साथ ही बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति और उसके दुष्परिणामों के प्रति लोगों को जागरूक किया गया।

49 हजार विद्यार्थियों तक पहुंच रहा शब्दबीज नवाचार

शिक्षा विभाग एवं समग्र शिक्षा के स्टॉल में नारी सशक्तीकरण और युवा उड़ान की थीम पर कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय का मॉडल प्रदर्शित किया गया।

शिक्षा विभाग की ओर से जिले के 1163 प्राथमिक विद्यालयों के लगभग 49 हजार विद्यार्थियों को शब्दबीज नवाचार के तहत प्रतिदिन 10 मिनट में एक नया हिंदी-अंग्रेजी द्विभाषीय शब्द सिखाया जा रहा है। बच्चों को शब्द का उच्चारण और अर्थ समझाने के लिए कक्षावार पुस्तिकाएं तैयार की गई हैं, जिनमें प्रत्येक स्तर के लिए 150 शब्द निर्धारित हैं। इस पहल से विद्यार्थियों के सुनने, बोलने, पढ़ने और लिखने के कौशल के साथ शब्द भंडार विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है।

आदिवासी संस्कृति, पारंपरिक व्यंजन और वाद्य यंत्रों ने खींचा ध्यान

आदिवासी विकास विभाग के स्टॉल में जिले की समृद्ध जनजातीय संस्कृति और परंपराओं को प्रदर्शित किया गया। देवगुड़ी, पारंपरिक जनजातीय व्यंजन और झेला, मंजीरा सहित पारंपरिक वाद्य यंत्रों की प्रदर्शनी ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। वहीं, जिला कौशल विकास विभाग ने प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना और मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए आवेदन प्रक्रिया से अवगत कराया।

स्वास्थ्य सेवाओं के साथ मिल रही निःशुल्क जांच और दवाइयां

स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल में जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और आधुनिक चिकित्सा सेवाओं से संबंधित मॉडल प्रदर्शित किए गए हैं। यहां मौजूद चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा लोगों की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच के साथ दवाइयों का वितरण भी किया जा रहा है। इसके अलावा टीबी मुक्त भारत अभियान के प्रति भी लोगों को जागरूक किया जा रहा है।

कृषि एवं उद्यानिकी विभाग ने दलहन, तिलहन, धान के बीज और विभिन्न उद्यानिकी फसलों का प्रदर्शन किया। किसानों को उन्नत कृषि तकनीक, आधुनिक मशीनों और फसल विविधीकरण के बारे में जानकारी दी गई। मछली पालन विभाग ने प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना, पशुधन विभाग ने गोधाम योजना तथा वन विभाग ने विभिन्न औषधीय जड़ी-बूटियों और विभागीय योजनाओं की जानकारी प्रस्तुत की।

सुरक्षा, कानूनी अधिकार और सरकारी योजनाओं की भी दी जानकारी

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के स्टॉल में विधिक जागरूकता, सुरक्षित बचपन अभियान, स्पेशल लोक अदालत और नालसा की योजनाओं के बारे में बताया गया। जल संसाधन विभाग ने जल शक्ति अभियान के अंतर्गत कनकपुर जलाशय योजना का मॉडल प्रदर्शित किया। वहीं, साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड के भटगांव और विश्रामपुर क्षेत्रों से संबंधित कोयला खनन की जानकारी भी दी गई।

श्रम विभाग के स्टॉल में मिनीमाता महतारी जतन योजना, मुख्यमंत्री नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना और मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना सहित विभिन्न योजनाओं को प्रदर्शित किया गया।

पुलिस विभाग ने यातायात नियमों, सड़क सुरक्षा और साइबर अपराधों से बचाव के प्रति लोगों को जागरूक किया। पोस्टरों के माध्यम से हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने और नशे में वाहन नहीं चलाने का संदेश दिया गया। साइबर ठगी से बचने के लिए सुरक्षित पासवर्ड रखने, अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने और व्यक्तिगत जानकारी साझा नहीं करने की सलाह दी गई।

पीएम सूर्य घर योजना के मॉडल से समझाया सौर ऊर्जा का महत्व

बिजली विभाग के स्टॉल में प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत सोलर ऊर्जा की प्रक्रिया को समझाने के लिए उपकेंद्र का मॉडल प्रस्तुत किया गया। इसके माध्यम से लोगों को बताया गया कि घरों की छत पर सोलर पैनल लगाकर बिजली का उत्पादन किया जा सकता है। इससे बिजली बिल में बचत के साथ अतिरिक्त बिजली ग्रिड में भेजकर आर्थिक लाभ प्राप्त करने की संभावनाओं की जानकारी भी दी गई।

राज्योत्सव में लगी इन प्रदर्शनियों के माध्यम से शासन की योजनाओं को आम नागरिकों तक पहुंचाने और विकास कार्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। 22 विभागों के स्टॉलों में ग्रामीण विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, महिला सशक्तीकरण, रोजगार, सुरक्षा और आधुनिक तकनीक से जुड़ी उपलब्धियों को एक ही स्थान पर देखने और समझने का अवसर मिल रहा है।

Enjoyed this report? Share with your network:

Related Coverage