आदित्य गुप्ता
जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में राजस्व अभिलेखों के साथ कथित छेड़छाड़ का गंभीर मामला सामने आया है। जमीन के डिजिटल रिकॉर्ड में बिना सक्षम अधिकारी की अनुमति रकबे में बदलाव किए जाने के मामले में जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार पटवारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस कार्रवाई के बाद राजस्व विभाग में हड़कंप मच गया है। प्रारंभिक जांच में भुइयां पोर्टल की डिजिटल लॉग रिपोर्ट के जरिए रकबे में किए गए अनधिकृत बदलावों का खुलासा हुआ है। प्रशासन ने संबंधित पटवारियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ सिविल सेवा नियमों के तहत अनुशासनात्मक कार्रवाई की है।
पामगढ़ अनुविभाग में तीन पटवारियों पर गिरी निलंबन की गाज
पामगढ़ अनुविभाग में हुई कार्रवाई के तहत तीन पटवारियों को निलंबित किया गया है। इनमें पटवारी हल्का नंबर 14, ग्राम मुड़पार-ब में पदस्थ महादेव देवांगन, पटवारी हल्का नंबर 27, ग्राम भुईगांव के मोहन साहू और पटवारी हल्का नंबर 23, ग्राम राहौद के अमृतलाल रात्रे शामिल हैं।
प्रशासनिक जांच के दौरान इन पटवारियों से संबंधित खसरा नंबरों की डिजिटल लॉग रिपोर्ट का परीक्षण कराया गया। जांच में सामने आया कि संबंधित पटवारियों ने कथित तौर पर बिना किसी सक्षम उच्चाधिकारी के आदेश या अनुमोदन के भुइयां पोर्टल पर अपनी आईडी के माध्यम से जमीन के रकबे में बदलाव किया था। इसे निर्धारित अधिकार क्षेत्र से बाहर का गंभीर मामला माना गया।
नोटिस का जवाब नहीं देने पर हुई कार्रवाई
प्रशासन की ओर से संबंधित पटवारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया था, लेकिन निर्धारित प्रक्रिया के तहत जवाब प्रस्तुत नहीं किए जाने के बाद पामगढ़ एसडीएम ने निलंबन की कार्रवाई की। इस मामले ने राजस्व रिकॉर्ड के ऑनलाइन रखरखाव और उनकी सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
चांपा अनुविभाग में भी सामने आई डिजिटल रिकॉर्ड से छेड़छाड़
इसी तरह चांपा अनुविभाग के अंतर्गत सारागांव तहसील के ग्राम सरवानी में पदस्थ पटवारी केशव सिंह मरावी (हल्का नंबर 16) पर भी कार्रवाई की गई है। उनके खिलाफ ग्राम सरवानी के खसरा नंबर 450/1 और 450/2 के रकबे में अनधिकृत तरीके से बदलाव किए जाने की शिकायत सामने आई थी।
शिकायत के बाद तहसीलदार सारागांव ने भुइयां पोर्टल की लॉग एंट्री की विस्तृत जांच कर प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। इसमें पाया गया कि संबंधित खसरा नंबरों के रकबे में परिवर्तन करने से पहले किसी सक्षम अधिकारी की अनुमति या अनुमोदन नहीं लिया गया था। प्रशासन की ओर से मांगा गया स्पष्टीकरण भी संतोषजनक नहीं पाया गया, जिसके बाद पटवारी केशव सिंह मरावी को निलंबित कर दिया गया।
नियम-9 के तहत अनुशासनात्मक कार्रवाई, तय किए गए नए मुख्यालय
चारों पटवारियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के नियम-9 के तहत कार्रवाई की गई है। निलंबन अवधि के दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा।
निलंबन के बाद महादेव देवांगन, मोहन साहू और अमृतलाल रात्रे का मुख्यालय तहसील कार्यालय पामगढ़ की कानूनगो शाखा निर्धारित किया गया है। वहीं, केशव सिंह मरावी का मुख्यालय तहसील कार्यालय सारागांव तय किया गया है। उनके विरुद्ध निलंबन अवधि में औपचारिक विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।
डिजिटल जमीन रिकॉर्ड की पारदर्शिता पर उठे सवाल
इस कार्रवाई ने भुइयां पोर्टल पर दर्ज जमीन के रिकॉर्ड की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। जमीन का रकबा किसी भी किसान और भू-स्वामी के लिए बेहद महत्वपूर्ण दस्तावेज होता है। ऐसे में बिना सक्षम अधिकारी की अनुमति डिजिटल रिकॉर्ड में बदलाव की शिकायतें सामने आना गंभीर चिंता का विषय है।
अब बड़ा सवाल यह है कि क्या यह मामला केवल चार पटवारियों तक सीमित है या जिले में अन्य स्थानों पर भी इसी तरह डिजिटल रिकॉर्ड में बदलाव किए गए हैं? क्या प्रशासन सभी संदिग्ध लॉग एंट्री की व्यापक जांच कराएगा? फिलहाल चार पटवारियों के निलंबन से राजस्व विभाग में खलबली मची हुई है और आगे की विभागीय जांच पर सबकी नजरें टिकी हैं।

